रुड़की, हरिद्वार।सोनी रोड़। 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में क्वांटम विश्वविद्यालय, मंडावर में दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 6 जुलाई से शुरू हुए इस शिविर में हरिद्वार जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 587 एनसीसी कैडेट्स और आठ सहयोगी एनसीसी अधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं।

शिविर के दूसरे दिन कैडेट्स को संबोधित करते हुए कैंप कमांडेंट कर्नल जगदीश अलमिया ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करने का मंच नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त पाठशाला है। कठिन परिश्रम, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव ही एक श्रेष्ठ एवं जिम्मेदार नागरिक की पहचान हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का प्रत्येक क्षण कैडेट्स के व्यक्तित्व को निखारने का अवसर है। कठिन परिस्थितियों में भी अनुशासन बनाए रखते हुए बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवा ही भविष्य में समाज और राष्ट्र को सक्षम नेतृत्व प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने कैडेट्स से शिविर के दौरान मिलने वाले प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ ग्रहण करने का आह्वान किया।
डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह ने कैडेट्स को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास सफलता की मजबूत आधारशिला हैं। कैडेट्स को प्रशिक्षण के प्रत्येक सत्र में सक्रिय भागीदारी करते हुए उसका अधिकतम लाभ उठाना चाहिए।
दिन-रात संचालित होने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को शस्त्र प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, दूरी का अनुमान, फील्ड सिग्नल, आपदा प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता सहित विभिन्न सैन्य एवं व्यावहारिक विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दस दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेट्स में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रसेवा के संस्कार विकसित करना है।
शिविर के पहले दिन सभी कैडेट्स का बायोमेट्रिक पंजीकरण किया गया। इसके साथ ही कैडेट्स द्वारा लाए गए कैंप संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन और परीक्षण भी किया गया, ताकि शिविर की प्रशासनिक और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
कैंप कमांडेंट कर्नल जगदीश अलमिया और कैंप एडजुटेंट कैप्टन सुशील कुमार आर्य ने शिविर के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिसर उपलब्ध कराने पर संस्था के चेयरमैन अनिल गोयल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विवेक कुमार और कुलसचिव डॉ. अमित दीक्षित को सहयोग एवं बेहतर व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद दिया।
शिविर के सफल संचालन में डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह, कैंप एडजुटेंट कैप्टन सुशील कुमार आर्य, कैप्टन धर्म सिंह, फर्स्ट ऑफिसर डॉ. पारस कुमार, फर्स्ट ऑफिसर नीरज नौटियाल, मीडिया प्रभारी सेकंड ऑफिसर अरुण कुमार, केयरटेकर दीपिका गोस्वामी, दीपमाला, प्रियंका प्रजापति, सूबेदार मेजर अमर सिंह सहित प्रशिक्षण एवं प्रशासनिक स्टाफ सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
एनसीसी अधिकारियों के अनुसार शिविर के आगामी दिनों में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व, आपदा प्रबंधन और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को अनुशासित, आत्मनिर्भर और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।


