रुड़की। सोनी रोड़।कांवड़ यात्रा के दौरान जहां करोड़ों शिवभक्त कंधों पर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं, वहीं इस विशाल धार्मिक आयोजन को सुरक्षित और सुचारु बनाने में पुलिस के साथ आम नागरिक भी कंधे से कंधा मिलाकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसी सेवा और मानवता की मिसाल पेश की एसपीओ शिवम शास्त्री ने।

कांवड़ मेले के दौरान रुड़की शहर से होकर गुजरने वाले शिवभक्तों की भारी भीड़ के बीच पुलिस के साथ विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की भी तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था संभालने से लेकर श्रद्धालुओं की मदद और आपात स्थिति में सहायता करने तक एसपीओ लगातार पुलिस के साथ दिन-रात ड्यूटी निभा रहे हैं।
इसी दौरान कांवड़ यात्रा के बीच एक कांवड़िया घायल हो गया। स्थिति को देखते हुए एसपीओ शिवम शास्त्री ने तत्काल मानवीय संवेदना का परिचय दिया। उन्होंने बिना समय गंवाए घायल कांवड़िए को रिक्शा में बैठाया और उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।
कांवड़ मेले जैसे विशाल आयोजन में व्यवस्थाएं कई बार भीड़ के सामने छोटी पड़ जाती हैं। ऐसे समय में पुलिस के साथ आम नागरिकों और एसपीओ का सहयोग व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। एनसीसी कैडेट्स से लेकर स्थानीय नागरिक तक पुलिस के साथ यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे हैं।
शिवम शास्त्री के इस मानवीय कार्य की एसपी ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल ने सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। ड्यूटी के दौरान घायल कांवड़िए की मदद करने और उसे समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए मिला यह सम्मान न केवल शिवम शास्त्री बल्कि पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है।
कांवड़ यात्रा में पुलिस की वर्दी के साथ-साथ नागरिकों की जिम्मेदारी और मानवता का यह भाव एक सकारात्मक संदेश दे रहा है—फर्ज केवल ड्यूटी निभाना नहीं, बल्कि जरूरत के समय किसी की जिंदगी और सुरक्षा के लिए आगे आना भी है।


