रुड़की, 11 सितंबर।सोनी रोड़। प्लास्टिक-मुक्त और हरित रुड़की की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सिविल लाइंस स्थित बैटर लाइफ सेंटर, 32 जामुन रोड पर पर्यावरण-अनुकूल बैगों के विशेष रिटेल आउटलेट का शुभारंभ किया गया। आउटलेट पर जैव-अपघटनीय, कपड़े और जूट से निर्मित आकर्षक बैग उपलब्ध होंगे।

यह पहल उच्च जीवन प्रशिक्षण संस्थान, रुड़की एवं ‘आई हेट पॉलीथीन’ संस्था, पंचकुला के संस्थापक अनुज अग्रवाल और पूजा अग्रवाल के संयुक्त तत्वावधान में शुरू की गई है। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ललित मोहन अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर ललित मोहन अग्रवाल ने नागरिकों से पॉलीथीन बैग के स्थान पर कपड़े और जूट के थैलों का इस्तेमाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी दैनिक आदतों में बदलाव लाकर इसमें योगदान देना होगा।
समारोह में अति विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने स्वच्छ और हरित रुड़की के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने वाली पहलों को महत्वपूर्ण बताया।
आयोजक प्रोफेसर नवनीत अरोड़ा ने बताया कि आउटलेट का उद्देश्य नागरिकों को पॉलीथीन के स्थान पर कपड़े और जूट के पर्यावरण-अनुकूल विकल्प उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल को कम करने के लिए लोगों को व्यवहारिक और आसानी से उपलब्ध विकल्प देना जरूरी है।
इससे पूर्व नगर निगम, स्थानीय स्कूली बच्चों और देवाश्रम के सदस्यों ने प्लास्टिक मुक्ति को लेकर जागरूकता रैली भी निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाने और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने “कम प्लास्टिक, अधिक हरियाली, बेहतर कल” के नारे के साथ प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की शपथ ली।
कार्यक्रम में प्रोफेसर नवनीत अरोड़ा, यशपाल सिंघल, प्रोफेसर कमलेश चंद्र, रजत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इनमें बीना सिंह, रेनू सिंघल, रेनू वधवा, अशोक, हरीश अरोड़ा, विनोद मिश्रा, राजेश रमानी, ज्ञानेंद्र तिवारी, वीके अग्रवाल, सुधीर, अलका मित्तल, साहिदा बेगम, संजय मित्तल, मलुक सिंह कालरा, डॉ. सुजाता आहूजा, प्रो. राजेश चंद्रा तथा वार्ड सदस्य राजन गोयल और राकेश गर्ग सहित अन्य लोग शामिल रहे।


