मदरसा बोर्ड के विघटन के बाद मान्यता का इंतजार, बच्चों के भविष्य पर मंडराया संकट
डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने तांसीपुर, पाडली गुज्जर और ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित मदरसों का किया औचक निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
रुड़की, 22 अक्टूबर। उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड के विघटन के बाद शिक्षा विभाग से मान्यता मिलने का इंतजार कर रहे मदरसों की स्थिति को लेकर बच्चों की शिक्षा पर सवाल खड़े होने लगे हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने गुरुवार को तांसीपुर, पाडली गुज्जर और ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित विभिन्न मदरसों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मान्यता प्रक्रिया में देरी, शिक्षकों की उपलब्धता और शैक्षणिक गुणवत्ता से जुड़े मुद्दे सामने आए।
निरीक्षण के दौरान मदरसा फैजुल उलूम रशीदिया, मदरसा मोहम्मदया दारुल कुरान, मदरसा नुसरत उल इस्लाम पब्लिक स्कूल तथा मदरसा कासमिया दारुल फलाह की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। डॉ. गांधी के अनुसार, संबंधित संस्थानों ने शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त करने के लिए आवेदन कर रखा है, लेकिन प्रक्रिया लंबित होने के कारण वे असमंजस की स्थिति में हैं। मदरसा बोर्ड के विघटन के बाद इन संस्थानों को न तो शिक्षा विभाग से मान्यता मिल पाई है और न ही उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से संबद्धता प्राप्त हो सकी है।
डॉ. गांधी ने मान्यता प्रक्रिया में हो रही देरी पर चिंता जताते हुए कहा कि जब संस्थानों ने नियमानुसार आवेदन किया है, तो लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मान्यता प्रक्रिया पूरी होने से पहले किसी संस्थान के खिलाफ कार्रवाई होती है, तो वहां पढ़ रहे बच्चों की शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रखने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा।
100 बच्चों की पढ़ाई दो शिक्षकों के भरोसे
निरीक्षण के दौरान मदरसा नुसरत उल इस्लाम पब्लिक स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था भी चर्चा में रही। यहां करीब 100 बच्चों को केवल दो शिक्षकों द्वारा पढ़ाया जाना सामने आया। निरीक्षण में एक शिक्षक की शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास बताई गई। संबंधित शिक्षक उर्दू के अलावा अन्य विषय भी पढ़ा रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों की निर्धारित योग्यता, उनकी संख्या और विषयवार शिक्षण व्यवस्था की जांच की आवश्यकता जताई गई, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
इस संबंध में विद्यालय के प्रबंधक कारी मसरूर अहमद से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन वे अपनी बात रखने के लिए सामने नहीं आए।
वहीं, निरीक्षण के दौरान मदरसा असगरिया फैजुल उलूम बंद पाया गया।
शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता नहीं, बच्चों की पढ़ाई भी न रुके
डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही, प्रशासनिक प्रक्रियाओं में देरी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा विभाग और संबंधित मदरसों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि प्रत्येक बच्चे को नियमित, निर्धारित मानकों के अनुरूप और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध हो सके।
अब निगाहें शिक्षा विभाग की मान्यता प्रक्रिया पर टिकी हैं। समय रहते लंबित मामलों का निस्तारण नहीं हुआ, तो इसका असर संबंधित संस्थानों के साथ-साथ उनमें पढ़ रहे बच्चों की शैक्षणिक निरंतरता पर भी पड़ सकता है।


