रुड़की।सोनी रोड़। हरिद्वार यूनिवर्सिटी में चौथी अंडर-18 जूनियर खो-खो चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ खेल भावना और उत्साह के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस दौरान भाजपा सोशल मीडिया रुड़की के विधानसभा संयोजक (पिरान कलियर) चौधरी योगी रोड भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया और प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। ग्रामीण और स्थानीय क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और उचित मंच के अभाव में कई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते। ऐसी प्रतियोगिताएं इन प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन जिला खो-खो एसोसिएशन हरिद्वार के अध्यक्ष जहीर अहमद, महासचिव चैंपियन सूरज रोड़ तथा खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष रचना देवी के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजकों ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ खेलों से जोड़ना समय की जरूरत है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज, अनुशासित युवा शक्ति और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला भी हैं।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की ग्रामीण और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को बेहतर संसाधन, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प भी लिया गया। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी भविष्य में जिला और राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम का समापन “खेलो, आगे बढ़ो और देश का नाम रोशन करो” के संदेश के साथ हुआ।

