रुड़की।सोनी रोड़।स्टाफ स्पोर्ट्स क्लब, आईआईटी रुड़की की ओर से आयोजित खेल प्रतियोगिताओं का शुक्रवार को एबीएन क्रिकेट ग्राउंड में भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन के साथ ही संस्थान परिसर में खेलों का माहौल जीवंत हो उठा। विभिन्न खेलों में भाग लेने वाले कर्मचारियों में उत्साह और जीत का जुनून देखने को मिला।

उद्घाटन समारोह का संचालन मानपाल शर्मा ने किया। इस दौरान स्टाफ स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष ठाकुर राजपाल सिंह, महासचिव अरविंद गौतम, चौधरी शिवकुमार, आदित्य सैनी, खेल संयोजक रवि मोहन, विजयपाल सिंह, नरेश भारद्वाज, प्रवेश शर्मा, सागर गर्ग और योगेंद्र वलथरे ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्थान क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) भानु प्रसाद वालंकी रहे। प्रोफेसर वालंकी एवं लोकतांत्रिक जन मोर्चा के संयोजक सुभाष सैनी ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रोफेसर वालंकी ने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। खेल व्यक्ति को हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर संस्थान क्रीड़ा परिषद के सहायक क्रीड़ाधिकारी डॉ. मुकेश चौधरी सहित अन्य अतिथि एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
12 खेलों में होगा मुकाबला
स्टाफ स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आयोजित प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, लॉन टेनिस, चेस, ताश, स्क्वैश, फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम बोर्ड, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स सहित 12 खेलों को शामिल किया गया है। अलग-अलग खेलों के मुकाबले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संस्थान के विभिन्न मैदानों और परिसरों में आयोजित किए जा रहे हैं।
क्रिकेट के मुकाबले एबीएन क्रिकेट ग्राउंड, फुटबॉल के फुटबॉल ग्राउंड, बास्केटबॉल के बास्केटबॉल ग्राउंड तथा बैडमिंटन और टेबल टेनिस के मुकाबले संबंधित हॉल में होंगे।
स्टाफ स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष ठाकुर राजपाल सिंह ने कहा कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य कर्मचारियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी सहभागिता, भाईचारे और खेल भावना को मजबूत करने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि खेलों में भागीदारी से कर्मचारियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है।
ताश की मेज पर भी सजा मुकाबला
खेल प्रतियोगिताओं के बीच ताश के मुकाबलों ने भी खूब रंग जमाया। मैदान पर खिलाड़ी जहां अपने-अपने खेलों में पसीना बहाते नजर आए, वहीं ताश की मेज पर खिलाड़ियों ने दिमाग, धैर्य और रणनीति का शानदार प्रदर्शन किया। हर बाजी के साथ मुकाबला रोचक होता गया और खिलाड़ियों के बीच जीत को लेकर उत्साह बना रहा।
शिप गेम में लेखराज और अशोक की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। राजू ज्वेल और अनूप सिंह की जोड़ी ने द्वितीय स्थान, जबकि अश्विनी जी और राजू बालाजी की जोड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके बाद हुए ढाला पकड़ मुकाबले में आईडी शर्मा और सीपी सिंह की जोड़ी ने अपनी सूझबूझ और बेहतरीन तालमेल के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया। लेखराज और अशोक कुमार की जोड़ी द्वितीय, जबकि राजू ज्वेल और अनूप सिंह की जोड़ी तृतीय स्थान पर रही।
ताश के दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच रणनीति और संयम की कड़ी परीक्षा देखने को मिली। एक ओर हर बाजी के साथ रोमांच बढ़ता रहा तो दूसरी ओर साथी कर्मचारी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
उद्घाटन समारोह से लेकर प्रतियोगिताओं के मुकाबलों तक पूरे आयोजन में खेल भावना, आपसी भाईचारे और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा। आईआईटी रुड़की के कर्मचारी इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से खेल प्रतिभा के साथ-साथ टीम भावना और आपसी सहभागिता का भी प्रदर्शन कर रहे हैं।


