बहादराबाद। सोनी रोड। हरिद्वार की राजनीति और सहकारिता क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी (असपा) ने बड़ी राजनीतिक बढ़त हासिल करते हुए अपना खाता खोल दिया है। बहु उद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड दौलतपुर में हुए चुनाव में भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव तेज प्रताप सैनी को जिला सहकारी बैंक डायरेक्टर पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया।

तेज प्रताप सैनी के निर्विरोध निर्वाचन के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। असपा और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए इसे किसानों, युवाओं और सामाजिक न्याय की आवाज की जीत बताया।
समर्थकों का कहना है कि तेज प्रताप सैनी लंबे समय से सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं, जिसका परिणाम अब सहकारिता चुनाव में दिखाई दिया है।
बहु उद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति दौलतपुर में हुए इस चुनाव को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चाएं रही। राजनीतिक जानकारों के अनुसार हरिद्वार जिले में असपा का यह पहला बड़ा संगठनात्मक और राजनीतिक प्रवेश माना जा रहा है। इससे पार्टी को ग्रामीण क्षेत्रों और सहकारिता संस्थाओं में नई मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।
निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद तेज प्रताप सैनी ने कहा कि किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करना और किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और मिठाई बांटकर खुशी मनाई। क्षेत्र में इस जीत को आने वाले समय में असपा के लिए बड़े राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।


