रुड़की। सामुदायिक आउटरीच (CORE) कार्यक्रम के तहत आईआईटी रुड़की ने बुधवार, 15 अक्टूबर 2025 को गंगा नहर सफाई अभियान का आयोजन किया। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप नागरिक जिम्मेदारी, सामाजिक सहभागिता और अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अभियान में 250 से अधिक छात्र, एनएसएस शाखा के सदस्य, संकाय सदस्य और कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए गंगा नहर के किनारों की सफाई की और स्थानीय लोगों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि यह अभियान संस्थान की “सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरणीय चेतना” को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “इस तरह की पहलें न केवल छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देती हैं, बल्कि शिक्षा को समाज और राष्ट्र सेवा से जोड़ने का वास्तविक उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।”
इस अवसर पर शैक्षणिक मामलों के कुलशासक प्रो. नवीन कुमार नवानी और छात्र कल्याण कुलशासक प्रो. बारजीव त्यागी ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ छात्रों में सहानुभूति, सहयोग और जनसेवा की भावना को सशक्त बनाती हैं।
आईआईटी रुड़की ने इस पहल को सफल बनाने में सहयोग के लिए सिंचाई विभाग का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने आवश्यक अनुमति और जमीनी स्तर पर समर्थन प्रदान किया।


