देहरादून/ रुड़की ब्यूरो | Godwin Live
उत्तराखंड में शूटिंग बॉल खेल के विस्तार और विकास को लेकर मंगलवार को शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तराखंड के सचिव चैंपियन सूरज रोड के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य की खेल मंत्री माननीय श्रीमती रेखा आर्य, खेल निदेशक प्रशांत आर्य (IAS) तथा विशेष प्रमुख सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, अमित सिन्हा (IPS) से शिष्टाचार भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन हेतु राज्य सरकार के अमूल्य योगदान के लिए बधाई दी और शूटिंग बॉल जैसे उभरते खेल को उत्तराखंड में और अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए।
इस बैठक के दौरान मंत्री रेखा आर्य ने शूटिंग बॉल खेल के प्रति गहरी रुचि व्यक्त करते हुए एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इस खेल के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में इस खेल के प्रचार-प्रसार, स्कूल-कॉलेज स्तर पर सहभागिता बढ़ाने और ग्रासरूट से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने पर बल दिया।
खेल निदेशक प्रशांत आर्य ने प्रतिनिधिमंडल को खेल विभाग की योजनाओं से अवगत कराते हुए यह जानकारी दी कि शूटिंग बॉल को राज्य स्तरीय खेलों में शामिल करने के लिए विभाग सकारात्मक रुख रखता है।
विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा ने सुझाव दिया कि शूटिंग बॉल खेल के लिए दीर्घकालिक विकास योजना तैयार कर विभाग को प्रस्तुत की जाए, ताकि इसे संस्थागत समर्थन और सरकारी मान्यता प्राप्त हो सके।
इस प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड टीम के कोच सईम अली, राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं मीडिया प्रभारी अभिषेक मंडरवाल भी शामिल रहे। उन्होंने खेल के तकनीकी पहलुओं, प्रशिक्षण मॉड्यूल और युवाओं में बढ़ती रुचि पर प्रकाश डाला।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में विशेष कोचिंग कैंप, टैलेंट हंट प्रोग्राम और प्रतियोगिताओं के आयोजन का प्रस्ताव भी रखा, जिसे अधिकारियों ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई और इसके साथ ही उत्तराखंड में शूटिंग बॉल खेल को नई दिशा और ऊर्जा मिलने की उम्मीदें प्रबल हो गई हैं।

