मंगलौर (हरिद्वार)। कस्बा लंढोरा पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव में सात वर्षीय छात्रा के साथ एक निजी स्कूल के शिक्षक द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में छात्रा के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी गांव के एक निजी स्कूल में पढ़ती है। स्कूल में अंग्रेजी पढ़ाने वाला शिक्षक इसरान पिछले कई दिनों से बच्ची के साथ छेड़छाड़ और अमानवीय हरकतें कर रहा था। बच्ची ने डर के कारण इस बात का जिक्र घर पर नहीं किया, लेकिन कुछ दिनों बाद उसने हिम्मत जुटाकर परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई।
परिजनों ने तुरंत बच्ची को लेकर कोतवाली पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी शिक्षक इसरान को उसके गांव से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


