रुड़की। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए रुड़की पुलिस, यातायात पुलिस और सीपीयू की संयुक्त टीम ने रविवार को एक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 47 वाहनों को सीज़ किया गया, जबकि 202 वाहनों के चालान काटे गए।

अभियान को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाया गया। अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में तथा क्षेत्राधिकारी रुड़की के दिशा-निर्देशन में की गई। मौके पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष उपाध्याय और यातायात निरीक्षक संदीप नेगी ने अपनी टीम के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान संचालित किया।
पुलिस ने इस दौरान बिना नंबर प्लेट, बिना कागजात एवं संदिग्ध वाहनों को रोका और आवश्यक कार्रवाई की। सभी वाहन चालकों को चेतावनी दी गई कि वे अपने वाहनों पर सही नंबर प्लेट लगाएं और यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि आगामी त्यौहारों में शहर में कानून-व्यवस्था और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा जोखिम न हो।


