झबरेड़ा/हरिद्वार। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के भगतोवाली गांव में शादी समारोह के दौरान तीन वर्षीय मासूम के अपहरण से हड़कंप मच गया। हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 20 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस को आशंका है कि अपहरण के पीछे तंत्र-मंत्र और जादू-टोने की मंशा हो सकती है।

जानकारी के अनुसार ग्राम भगतोवाली निवासी अमरेश कुमार की बहन की शादी 14 मई को थी। बारात उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना पुरकाजी क्षेत्र स्थित सकरपुर गांव से आई थी। शादी समारोह के दौरान खुशियों का माहौल था, तभी शाम करीब चार बजे अमरेश का तीन वर्षीय पुत्र आयु अचानक लापता हो गया। बच्चे के गायब होने से परिवार में कोहराम मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल एवं क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में तीन संदिग्ध युवक बच्चे को बाइक पर ले जाते दिखाई दिए। पुलिस ने सीआईयू/एसओजी रुड़की के सहयोग से कॉल डिटेल, लोकेशन एवं मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई और देर रात तक तलाश जारी रखी।
जांच के दौरान पुलिस ने शुक्रवार को गरजा उर्फ गजे पुत्र मक्कू सिंह निवासी सकरपुर, जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों मांगेराम पुत्र राजपाल एवं रविंद्र पुत्र मांगा निवासी सकरपुर के नाम बताए। पुलिस के अनुसार फरार दोनों आरोपी कथित रूप से तांत्रिक क्रियाओं से जुड़े बताए जा रहे हैं। अमावस्या की रात को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि मासूम के साथ कोई अनहोनी की योजना बनाई जा रही थी।
इसके बाद पुलिस टीम सकरपुर गांव एवं पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास पहुंची, जहां एक व्यक्ति बच्चे को लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी मासूम को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तीन वर्षीय बालक आयु को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है तथा फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतेंद्र भंडारी, उपनिरीक्षक जय सिंह राणा, हेड कांस्टेबल रामवीर, हेड कांस्टेबल विकास, कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबल बसंत कुमार, अश्वनी यादव, मनमोहन भंडारी, अजय काला, रविंद्र खत्री, राहुल नेगी एवं महिपाल (सीआईयू रुड़की)।


