रुड़की। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने और अतिक्रमण की बढ़ती समस्या पर रोक लगाने के उद्देश्य से आज जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक शेटजी के आवास पर एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विधायक प्रदीप बत्रा, मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल, तहसीलदार विकास अवस्थी, टीआई रुड़की, एसएनए अमरजीत कौर, सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता, सिविल लाइन कोतवाली से मनीष उपाध्याय, गंग नहर से एसएसआई दीप कुमार, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान विधायक प्रदीप बत्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में जाम की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर फैले अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए ताकि नागरिकों को राहत मिल सके। विधायक ने स्पष्ट किया कि जनता की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना समय की मांग है।
मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम प्रशासन न केवल सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने पर ध्यान देगा बल्कि पार्किंग की व्यवस्थित व्यवस्था पर भी कार्य करेगा, जिससे शहर में ट्रैफिक का दबाव कम हो।
जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक शेटजी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ एक संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रुड़की को स्वच्छ, सुगम और अतिक्रमण मुक्त शहर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक सुधार और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज़ की जाएगी। इससे आम नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है और रुड़की की यातायात व्यवस्था में जल्द ही सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।


