रुड़की। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के हरिद्वार दौरे के विरोध में काले झंडे दिखाने की तैयारी कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पहले ही रोक दिया। शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले ही उनके कैंप कार्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिसके चलते कार्यकर्ताओं को हरिद्वार के लिए रवाना नहीं होने दिया गया।

इस मौके पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि Ankita Bhandari प्रकरण में सीबीआई जांच का मामला भी ठंडे बस्ते में चला गया है, जिससे जनता में नाराजगी है।
उन्होंने यह भी कहा कि रुड़की स्थित Indian Institute of Technology Roorkee में जनपद हरिद्वार के छात्रों को लंबे समय से मिल रहे 1 प्रतिशत आरक्षण को समाप्त कर दिया गया है, जो स्थानीय छात्रों के साथ अन्याय है। इन्हीं मुद्दों को लेकर महानगर कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्रीय गृह मंत्री को काले झंडे दिखाने जा रहे थे, लेकिन सरकार ने पुलिस बल तैनात कर जनहित की आवाज को दबाने का काम किया।
जिला उपाध्यक्ष संजय गुड्डू ने पुलिस कार्रवाई को तानाशाही करार देते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश हित के मुद्दों को लेकर गंभीर है, जबकि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है।
वहीं जिला महामंत्री वैभव सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार विपक्ष, जो कि जनता की आवाज है, उसका मुंह बंद करने का प्रयास कर रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान अहमद, संजीव राणा, सुभाष चौधरी, मिंटू कुमार, अमरदीप पोहीवाल, विशाल सहगल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


