बुग्गावाला क्षेत्र में देर रात हुई मुठभेड़, घायल बदमाश के कब्जे से तमंचा और लूटा गया मोबाइल बरामद
रुड़की/बुग्गावाला, 20 जून।सोनी रोड़।थाना बुग्गावाला क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार कांबिंग अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात थानाध्यक्ष बुग्गावाला पुलिस टीम के साथ यूपी बॉर्डर से बंजारावाला क्षेत्र की ओर गश्त एवं चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बंजारावाला की ओर से आ रहे दो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि पुलिस को देखते ही दोनों युवकों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस कर्मियों ने बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया।
घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा 9 जून 2026 को अमानतगढ़ स्थित फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया है।
वहीं फरार आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
घायल बदमाश को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है तथा मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।

