रुड़की। गणतंत्र दिवस के अवसर पर रुड़की युवा अग्रवाल सभा द्वारा अग्रवाल धर्मशाला प्रांगण में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मेयर गौरव गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की और देश के स्वतंत्रता सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि लाखों कुर्बानियों के बाद प्राप्त स्वतंत्रता की रक्षा और सशक्त भारत के निर्माण के लिए हमें देश के प्रति ईमानदार रहकर आपसी द्वेष को भुलाते हुए एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने संविधान की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे संविधान ने सभी नागरिकों को समान अधिकार दिए हैं—धर्म, जाति और लिंग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं है। इसी संविधान के कारण आज देश की राष्ट्रपति एक आदिवासी महिला हैं और प्रधानमंत्री निर्धन परिवार से आने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया।
समाजसेवी पूजा गुप्ता और अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संरक्षण ब्यूरो के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जैन एडवोकेट ने नगरवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त 1947 को देश स्वतंत्र हुआ और 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ। इस दिन हमें संविधान के पूर्ण पालन की प्रतिज्ञा लेनी चाहिए। साथ ही उन्होंने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए नागरिकों से अपने घरों और दुकानों के आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की, क्योंकि स्वच्छता का सीधा संबंध स्वास्थ्य से है।
युवा अग्रवाल सभा (रजि.) के नगर अध्यक्ष पंकज सिंघल ने भी स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता, महामंत्री नवनीत गर्ग, उपाध्यक्ष योगेश गर्ग, संगठन महामंत्री विकास बंसल, पूर्व अध्यक्ष दिनेश दयाल, अनिल गोयल, विवेक गोयल, सौरभ सिंघल, सावित्री मंगला, गोविंद विकास, अभिषेक अग्रवाल, नीरज गुप्ता, राजीव गुप्ता, शशिकांत अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, सचिन मित्तल, रोशन लाल अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और देश की एकता, अखंडता व संविधान के सम्मान की प्रतिज्ञा के साथ हुआ।
रुड़की युवा अग्रवाल सभा ने हर्षोल्लास से मनाया गणतंत्र दिवस, ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि

Leave a Comment Leave a Comment

