रुड़की। सोनी रोड़। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस (9 नवंबर) के अवसर पर पूरे प्रदेश में उत्साह और गर्व का माहौल है। इसी क्रम में आज हरिद्वार जिले के सभी कांग्रेस विधायक और नेताओं ने मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा पहुंचकर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

रामपुर तिराहा पहुंचने वालों में कलियर विधायक फुरकान अहमद, भगवानपुर विधायक ममता राकेश, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति, ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर, हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपम रावत पूर्व सांसद राजेंद्र बाड़ी, ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी कलीम खान,सचिन गुप्ता और हेमेन्द्र चौधरी मसूद, सलमान सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल रहे।
नेताओं ने कहा कि रामपुर तिराहा कांड उत्तराखंड के इतिहास का ऐसा अध्याय है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। यहां राज्य की स्थापना के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले आंदोलनकारियों के बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

कांग्रेस विधायकों ने राज्य की रजत जयंती वर्ष पर सभी शहीद आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड का निर्माण जिन सपनों और उद्देश्यों के साथ हुआ था, उन पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


