मंगलौर (रुड़की)। सोनी रोड़। लिब्बरहेड़ी सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, मंगलौर की पंचम वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक सोमवार को कुरड़ी, मंगलौर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति की अध्यक्ष नीशू राठी ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ सहकार सुशील राठी द्वारा किया गया।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 का आय-व्यय ब्योरा प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। बैठक में समिति की आय बढ़ाने एवं किसानों के हित में कई प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें समिति का अपना भवन बनवाना, पेट्रोल पंप खोलना, गैस एजेंसी शुरू करना, जैविक खेती को बढ़ावा देना तथा कृषि यंत्रों के सब्सिडी पर वितरण जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

अध्यक्ष नीशू राठी ने बताया कि लिब्बरहेड़ी समिति उत्तराखंड की पहली ऐसी समिति है जिसने वित्तीय वर्ष 2024-25 तक का संतुलन पत्र तैयार कर ऑडिट कार्य पूर्ण कर लिया है। उन्होंने कहा कि समिति क्षेत्र के 66 ग्रामों के गन्ना किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानन्द ने समिति की पारदर्शी कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि “लिब्बरहेड़ी गन्ना समिति का कुशल प्रबंधन पूरे प्रदेश के लिए आदर्श है। समयबद्ध कार्यवाही और पारदर्शिता इस समिति की पहचान है।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी किसानों के हितों को लेकर संवेदनशील हैं और सरकार द्वारा चीनी मिलों को समय पर भुगतान के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर इस वर्ष गन्ने का मूल्य बढ़ाए जाने की सिफारिश करेंगे।
कार्यक्रम में विधायक प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना, राज्य स्तरीय गन्ना सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्यामवीर सैनी, एडवोकेट एसोसिएशन अध्यक्ष मुकेश त्यागी, जिला सहकारी बैंक के महा प्रबंधक सौ सिंह, सहायक गन्ना आयुक्त कपिल मोहन, ब्लॉक प्रमुख कोमल देवी, और अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक का शांतिपूर्वक संचालन और सदस्यों के बीच समन्वय को लेकर वरिष्ठ सहकार सुशील राठी की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। समिति के अंदर उनकी रणनीतिक पकड़ और संगठनात्मक अनुभव के चलते बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। माना जा रहा है कि निकट भविष्य में समिति को अपना भवन मिलने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है।


