रुड़की/हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध रूप से संचालित मदरसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को हरिद्वार प्रशासन ने रुड़की क्षेत्र सहित कई इलाकों में 12 अवैध मदरसों को सील कर दिया।
हरिद्वार तहसील प्रशासन ने उप जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में आठ मदरसों को सील किया, वहीं रुड़की में एसडीएम लक्ष्मी राज चौहान और तहसीलदार विकास अवस्थी के निर्देशन में चार मदरसों पर कार्रवाई की गई।
प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल की सख्ती के आगे उनकी एक न चली। सील किए गए मदरसे बिना किसी वैध पंजीकरण, मान्यता अथवा भूमि उपयोग की अनुमति के अवैध रूप से संचालित हो रहे थे।
इसके अलावा कुछ मदरसों में बुनियादी व्यवस्थाओं की भारी कमी और बच्चों की सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी सामने आई। शासन के निर्देशों के अनुसार, अब बिना पंजीकरण के कोई भी मदरसा संचालन नहीं कर सकेगा।
रुड़की के पाटली गेंदा, सोनपुर गड़ा, सलेमपुर और खाता खेड़ी क्षेत्रों में एक-एक मदरसे को सील किया गया। कार्रवाई में कानूनगो सुशील कुमार और राजस्व उप निरीक्षक पंकज सैनी भी मौजूद रहे।
अब तक हरिद्वार जनपद में 79 मदरसों को सील किया जा चुका है। प्रशासन का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध रूप से संचालित मदरसों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


