रुड़की, 25 सितम्बर। सोनी रोड़
कन्या पाठशाला, शेरपुर खेलमऊ (रुड़की) में 44वीं उत्तराखंड राज्य शूटिंग बॉल चैंपियनशिप (बालक वर्ग) का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आठ जिलों — हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल की टीमों ने हिस्सा लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में कविंद्र चौधरी (प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख गुरुकुल नारसन) और विशिष्ट अतिथि श्री गोपाल अग्रवाल (अध्यक्ष शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तराखंड) उपस्थित रहे। समापन समारोह में एशियाई शूटिंग बॉल फेडरेशन के महासचिव श्री रविंद्र तोमर पहुंचे और विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व मोमेंटो प्रदान किए। उन्होंने कहा कि शूटिंग बॉल भारत का ऐसा खेल है, जिसमें देशभर में सर्वाधिक टूर्नामेंट होते हैं और इस खेल से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।

प्रतियोगिता में हरिद्वार ने प्रथम, पिथौरागढ़ ने द्वितीय और टिहरी गढ़वाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि टिहरी की टीम कई वर्षों से चैंपियन रही है।
समापन समारोह में भारतीय कप्तान नीटू चौधरी, टेक्निकल इंचार्ज अतुल तोमर, पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी संजय चौधरी, सैम अली, पुनीत चौधरी समेत कई खेलप्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड शूटिंग बॉल एसोसिएशन के महासचिव चैंपियन सूरज रोड ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता से 12 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जो जनवरी माह में महाराष्ट्र में होने वाली सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।


