दुर्गा अष्टमी पर मां के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब
मंदिर में हुआ अष्टमी पूजन और हवन, श्रद्धालुओं की लगी रही भीड़
रुड़की, दुर्गा चौक। नवरात्रों के पावन अवसर पर आज श्री दुर्गा मां मंदिर, दुर्गा चौक पर अष्टमी पूजन का भव्य आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। मंदिर प्रातः 4:00 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया था। सुबह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पंडित राजकुमार कौशिक द्वारा विधिवत पूजन से हुई।

मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री अशोक वर्मा और कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने बताया कि अष्टमी के दिन मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ती है, और देर शाम तक मां के दर्शन के लिए भक्तों का सिलसिला लगातार बना रहता है।
दोपहर बाद मंदिर प्रांगण में विशाल हवन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर के कोने-कोने से श्रद्धालुओं ने आहुति देकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मां की अनन्य भक्त उमा अग्रवाल ने बताया कि अष्टमी की भव्य आरती देखने के लिए दूर-दूर से गणमान्य व्यक्ति मंदिर में पहुंचते हैं। मंदिर की आस्था की चर्चा दूर-दराज़ तक फैली हुई है। समिति सदस्य सोनी रोड़ ने बताया कि मां के दरबार में मन्नत मांगने आने वालों की संख्या हर वर्ष बढ़ती जा रही है। जब मन्नत पूरी होती है, तो लोग मां को हलवा-पूरी का प्रसाद चढ़ाने आते हैं।
आज सुबह से ही मंदिर की सेवा में समिति के सचिव सत्येंद्र पाल, संजय कक्कड़,पंडित रोहित शास्त्री, मोनिका और कई अन्य भक्त सक्रिय रूप से माता की सेवा में लगे रहे।
श्रद्धा, सेवा और भक्ति से सराबोर इस दिन ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि मां दुर्गा का यह मंदिर केवल एक भवन नहीं, बल्कि आस्था का केंद्र है — जहां हर मुराद पूरी होती है।


