रुड़की। सोनी रीड। हरिद्वार विश्वविद्यालय में विंटर कार्निवल 2025 का शुभारंभ बड़े उत्साह और उमंग के साथ हुआ। इस वर्ष कार्निवल की थीम “विंटर स्ट्रीट्स” रखी गई, जिसे ध्यान में रखते हुए पूरे विश्वविद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट और उत्सव के माहौल से सजाया गया।
कार्निवल के पहले दिन छात्रों, शिक्षकों और आगंतुकों की भारी भीड़ देखने को मिली। कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, स्वादिष्ट व्यंजन और रचनात्मक गतिविधियों ने सभी का दिल जीत लिया। परिसर में विशेष रूप से लगाए गए फूड स्टॉल्स पर सर्दियों के पारंपरिक और लोकप्रिय व्यंजनों की खुशबू माहौल को और भी आकर्षक बना रही थी।
कार्यक्रम के दौरान ट्रेजर हंट प्रतियोगिता ने छात्रों में रोमांच भर दिया, जिसमें टीम बनाकर सुराग खोजे गए और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए गए। वहीं “स्नोबीट्स म्यूजिक शोकेस” में छात्रों ने अपनी संगीत प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिस पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
इसके अलावा, छात्रों द्वारा लगाए गए क्रिएटिव बिज़नेस स्टॉल्स आकर्षण का केंद्र रहे, जहां नए आइडिया और स्टार्टअप से जुड़े प्रोडक्ट्स को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। साथ ही कार्यक्रम में लकी ड्रा का आयोजन भी किया गया, जिसमें कई छात्रों और आगंतुकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि विंटर कार्निवल का उद्देश्य छात्रों के बीच रचनात्मकता, टीम वर्क और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। यह केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि छात्रों के समग्र व्यक्तित्व विकास का एक महत्वपूर्ण मंच भी है।
पहले दिन का कार्यक्रम उल्लासपूर्ण माहौल के साथ संपन्न हुआ और आने वाले दिनों में और भी आकर्षक आयोजनों की श्रृंखला जारी रहेगी।


