रुड़की। सोनी रोड़। शहर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। हर गली-मोहल्ले में निर्माण कार्य चल रहे हैं। लेकिन इसी निर्माण कार्य के बीच एक बड़ी समस्या भी तेजी से सिर उठा रही है — निर्माणाधीन मकानों में बढ़ती चोरी की घटनाएं।
शहर के कई इलाकों से शिकायतें मिल रही हैं कि निर्माणाधीन मकानों से तार, पाइप, सरिया, टंकी और अन्य सामान चोरी हो रहे हैं। कुछ लोग शिकायत दर्ज कराते हैं, तो कई लोग नुकसान उठाकर चुपचाप आगे बढ़ जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी करने वाले अधिकतर वे लोग हैं जो नशे के आदी हैं। नशे के लिए पैसे जुटाने के चक्कर में ये लोग निर्माणाधीन मकानों को आसान निशाना बनाते हैं।
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि चोरी का माल खरीदता कौन है?
पहले रुड़की में कबाड़ी बाजार एक सीमित इलाके तक ही था, लेकिन अब हर गली और मोहल्ले में कबाड़ी की दुकानें खुल चुकी हैं। चोरी का सामान बेचने के लिए चोरों को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ती। कबाड़ी दुकानों पर कोई भी सामान मिनटों में बिक जाता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने इन कबाड़ी बाजारों पर नियंत्रण नहीं किया, तो रुड़की में चोरी की घटनाएं यूं ही बढ़ती रहेंगी।
शहरवासियों की मांग है कि प्रशासन इन अनियंत्रित कबाड़ी दुकानों की जांच करे, पंजीकरण की प्रक्रिया सख्त बनाए और अवैध रूप से संचालित दुकानों पर कार्रवाई करे, ताकि शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

