रुड़की। सोनी रोड़।जापान में आयोजित डेफ ओलंपिक में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर लौटे रुड़की के गौरव अभिनव देशवाल और शौर्य सैनी का शनिवार को शहर में भव्य स्वागत किया गया।
दिल्ली रोड स्थित एपीजे अब्दुल कलाम चौक से शुरू हुआ भव्य रोड शो नगर निगम सभागार तक पहुंचा, जहां दोनों एथलीटों का नागरिक अभिनंदन किया गया।
खुले जिप्सी वाहन में राष्ट्रीय ध्वज थामे, देशभक्ति गीतों और आतिशबाजी के बीच दोनों खिलाड़ी पूरे रोड शो की शान बने रहे। रास्ते भर युवाओं की बाइक रैली ‘भारत माता की जय’ और ‘वी वांट गोल्ड’ के नारों से गूंजती रही। चौधरी चरण सिंह चौक, मिलिट्री चौक, महाराणा प्रताप चौक, साउथ सिविल लाइन, शहीद चंद्रशेखर आज़ाद चौक सहित कई स्थानों पर लोगों ने फूल बरसाकर, बुके व मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।
इस दौरान शौर्य सैनी के माता-पिता कविता सैनी व शील चंद सैनी, तथा अभिनव देशवाल के माता-पिता संगीता व मनोज देशवाल भी साथ मौजूद रहे।
नगर निगम सभागार में हुए नागरिक सम्मान समारोह में विधायक हाजी मोहम्मद शहजाद, विधायक वीरेंद्र जाती, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक राज सेठ, लोजमो संयोजक सुभाष सैनी, परमिंदर देशवाल, प्रदीप देशवाल, कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता, कोच अमित धीमान, कोच मुकेश चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि अभिनव देशवाल और शौर्य सैनी ने डेफ ओलंपिक में गोल्ड व सिल्वर जीतकर न केवल शहर और प्रदेश, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। ये दोनों खिलाड़ी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्तंभ हैं और साबित करते हैं कि मेहनत, अनुशासन और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन सुंदर पाल सैनी और आशीष सैनी ने संयुक्त रूप से किया।


