रुड़की (सोनी रोड़)। अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन की ओर से रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर नगर स्थित महाराजा अग्रसेन चौक पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर आरती की गई और फल वितरण किया गया।

वैश्य समाज के बंधुओं ने “अग्रसेन महाराज की जय” के उद्घोष के साथ कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज को सहयोग, करुणा और समानता का अनूठा मंत्र दिया था। उनकी एक ईंट और एक रुपया की परंपरा हर पीड़ित व असहाय तक मदद पहुंचाने का प्रतीक थी। आज के समय में भी इस परंपरा को अपनाने की आवश्यकता है।
वक्ताओं ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने अहिंसा, आर्थिक समानता और सामाजिक समता पर बल देते हुए आदर्श राज्य अग्रोहा की स्थापना की। उन्होंने यज्ञों में पशुबलि का विरोध कर समाजवाद और समानता का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके आदर्शों में लोकतांत्रिक शासन, आर्थिक समरूपता और सामाजिक समानता प्रमुख रही।
इस अवसर पर मेयर अनीता देवी अग्रवाल, पूर्व मेयर गौरव गोयल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नितिन गोयल, डॉ. सौरभ गुप्ता, रामगोपाल कंसल, कविश मित्तल, हर्षित गुप्ता, प्रशांत अग्रवाल, अमित अग्रवाल, आकाश गोयल, सुमित अग्रवाल अध्यक्ष, निखिल तायल, आदर्श गुप्ता एवं पार्षद शिवम अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


