रुड़की।
केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदलने के निर्णय के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की के तत्वावधान में गांधी वाटिका में धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी मूर्ति के नीचे नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार के फैसले का विरोध जताया और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि स्वरूप पांच मिनट का मौन भी रखा।
धरने का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. हरविंदर सिंह ने की। इस दौरान राजेंद्र चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा हैं, जिनका सम्मान पूरी दुनिया करती है। उनके बलिदान और त्याग के कारण ही आज देश का हर नागरिक स्वयं को आज़ाद भारत का नागरिक कह सकता है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के नाम पर चल रही योजना का नाम बदलना न केवल महात्मा गांधी का अपमान है, बल्कि यह केंद्र सरकार की संकीर्ण सोच को भी दर्शाता है। नाम बदलने से गांधी के विचार और उनका योगदान कम नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस नेता सलीम खान ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे निकम्मी और भ्रष्ट करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से इससे बेहतर उम्मीद भी नहीं की जा सकती।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. हरविंदर सिंह ने कहा कि सरकार को तुरंत अपना फैसला वापस लेना चाहिए, अन्यथा कांग्रेस देशभर में आंदोलन तेज करेगी।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री राव शेर मोहम्मद, ओमवीर सिंह मलिक और राजकुमार सैनी ने भी अपने विचार रखते हुए केंद्र सरकार के फैसले की आलोचना की।
धरना-प्रदर्शन में वैभव सैनी, मुल्की राज सैनी, हेमेन्द्र चौधरी, नीरज अग्रवाल, नीरज सैनी, मिंटू जायसवाल, डॉ. अता-उर-रहमान, पार्षद छोटे भाई फजलुर्रहमान, गौरव प्रधान, जाकिर हुसैन, नसीर अहमद, मकसूद हसन, उम्मेद गाजी, सुभाष शर्मा, सुधीर चौधरी, कमल मित्तल, वंश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


