रुड़की, 07 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘स्वच्छ हरिद्वार’ संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान के अंतर्गत आज हरिद्वार यूनिवर्सिटी की ओर से ग्राम बाजूहेडी एवं मेहवड कलां में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।

इस अभियान में यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के तहत नहर किनारा रोड से लेकर ग्राम बाजूहेडी और मेहवड कलां तक व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़कों और आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा-करकट हटाया गया तथा स्थानीय लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
हरिद्वार यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के स्वच्छता अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने छात्रों और स्टाफ से भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार सुमित चौहान, कर्नल डी.के. यादव सहित अन्य गणमान्य फैकल्टी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।


