मंगलौर (हरिद्वार) सोनी रोड़
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, इंडियन पब्लिक जूनियर हाई स्कूल, घोसीपुरा के सौजन्य से आज ग्राम घोसीपुरा में एक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल प्रशासन, शिक्षकगण एवं ग्रामवासियों ने मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अशफ़ाक़ुर रहमान रहे, जिन्होंने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “वृक्ष न केवल हमारी पृथ्वी के फेफड़े हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी सौगात हैं। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह एक वृक्ष अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे।”
इस अवसर पर उपस्थित सभी ग्रामवासियों ने पर्यावरण की रक्षा हेतु शपथ ली और संकल्प लिया कि वे न केवल वृक्ष लगाएंगे बल्कि उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अमित, अब्दुल रहमान, रोमान, लाइक, अमजद एवं आलोक द्विवेदी सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे और उन्होंने पूरे मनोयोग से इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली को बढ़ावा देना, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना और आमजन में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत करना रहा।


