रुड़की। पेंशनर्स एंड सीनियर सिटीजन वेलफेयर ट्रस्ट (पंजीकृत), रुड़की का 22वां वार्षिक समारोह दिनांक 21 दिसंबर 2025 को सिंचाई अनुसंधान संस्थान, रुड़की के ऑडिटोरियम में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. एन.एन. सिंह, आईएएस (सेवानिवृत्त), कार्यकारी अध्यक्ष, भारतीय शिक्षा बोर्ड रहे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर विधायक प्रदीप बत्रा तथा सुभाष चंद्र पाण्डेय, प्रमुख अभियंता, सिंचाई विभाग, देहरादून उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ ईश प्रार्थना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. डी.डी. गोयल ने अतिथियों का स्वागत किया।
महासचिव के.एल. गुप्ता ने ट्रस्ट की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2025 में रुड़की के 12 चयनित विद्यालयों के 108 छात्र-छात्राओं को ₹1100 प्रति छात्र छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसके साथ ही 9 विद्यालयों के 334 छात्र-छात्राओं को ऊनी जर्सी वितरित की गई।
समारोह के दौरान सामाजिक सरोकार को आगे बढ़ाते हुए 18 जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल, 13 महिलाओं को सिलाई मशीन तथा कक्षा 10 की मेरिट के आधार पर चयनित 25 छात्र-छात्राओं को ₹2100 प्रति छात्र छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
कार्यक्रम में श्री मावाड़ी कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, लालकुर्ती, मुलराज कन्या इंटर कॉलेज, रामनगर तथा श्री गांधी महिला शिल्प विद्यालय इंटर कॉलेज, रुड़की की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। महिला संगोष्ठी कोऑर्डिनेटर श्रीमती निशि गुप्ता सहित अन्य महिलाओं ने भी सक्रिय सहभागिता की।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने ट्रस्ट द्वारा शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का सफल संचालन ट्रस्ट के संरक्षक डॉ. डी.डी. गोयल द्वारा किया गया। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुंशी राम अरोड़ा, बलराम चौहान, आर.सी. गुप्ता, ऑडिटर एस.के. वैश्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ट्रस्ट सदस्य उपस्थित रहे।


