रुड़की। रुड़की के रामपुर गांव में 18 वर्षीय आस मोहम्मद की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या प्रेम-प्रसंग के चलते की गई थी। गिरफ्तार आरोपी इंतज़ार उर्फ अस्तग ने पूछताछ में हत्या की पूरी वारदात कबूल की है, जबकि उसका भाई अभी फरार बताया जा रहा है।
दरअसल, कुछ दिन पहले आस मोहम्मद अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद उसका शव गन्ने के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने जब मामले की तहकीकात की, तो पता चला कि हत्या के पीछे एक प्रेम-त्रिकोण की कहानी छिपी थी।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि आरोपी इंतज़ार की सगाई जिस लड़की से हुई थी, उसी लड़की के आस मोहम्मद से प्रेम संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते इंतज़ार ने हत्या की साजिश रची। आरोपी ने आस को इंस्टाग्राम पर संदेश भेजकर रात में शिव मंदिर के पास मिलने बुलाया। वहां दोनों ने बैठकर नशा किया, जिसके बाद इंतज़ार ने चाकू से वार कर दिया।
बताया गया कि वारदात के बाद इंतज़ार ने अपने भाई को मौके पर बुलाया और दोनों ने मिलकर आस की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को गन्ने के खेत में घसीट कर फेंक दिया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी फरार होने की फिराक में है। इस पर गंगनहर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर इंतज़ार को दबोच लिया। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, वहीं उसके भाई की तलाश जारी है।


