डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ होंगे मुख्य अतिथि, विधायक प्रदीप बत्रा और मेयर अनीता अग्रवाल भी रहेंगे मौजूद
रुड़की, 20 जून।
भारत स्वाभिमान न्यास एवं पतंजलि योग समिति, महिला पतंजलि योग समिति, किसान सेवा समिति व युवा भारत रुड़की के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 21 जून 2025 (शनिवार) को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 6:00 बजे नेहरू स्टेडियम, रुड़की में किया जाएगा, जिसका विषय रहेगा “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग”।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में विधायक प्रदीप बत्रा और कार्यक्रम की अध्यक्षता मेयर अनीता अग्रवाल करेंगी।
इस आयोजन को सफल बनाने में फोनिक्स ग्रुप के अध्यक्ष चैरब जैन का सहयोग प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम के संयोजक राजेंद्र चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष हैं।
योग दिवस कार्यक्रम में मुख्य योग शिक्षकों के रूप में डॉ. विपिन राठौर एवं रजनी कलर भाग लेंगे, जबकि व्यवस्था प्रभारी चेतन भारद्वाज, सुबोध यादव, आलोक राज सैनी व सुरेंद्र रोड कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
कवि सम्मेलन से बढ़ेगी सांस्कृतिक गरिमा
योग दिवस से एक दिन पूर्व 20 जून (शुक्रवार) को शाम 5:00 बजे से 7:30 बजे तक नेहरू स्टेडियम, रुड़की में एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के संयोजक किरण चौधरी उर्फ राजेंद्र चौधरी और सहसंयोजक चैरब जैन होंगे। हर्ष प्रकाश ‘कला’ इस सांस्कृतिक संध्या की विशेष प्रस्तुति देंगे।
योग प्रेमियों एवं नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर ‘योग से राष्ट्र निर्माण’ के संकल्प को साकार करने की अपील की गई है।

