रुड़की/नई दिल्ली। देश-विदेश के 550 से अधिक शहरों में स्थित 5500 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर रविवार को नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET UG) 2025 सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मेडिकल और डेंटल कोर्सों में दाखिले के लिए आयोजित इस परीक्षा में कुल 20.80 लाख से अधिक छात्रों ने भाग लिया। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की गई।

खास बात यह रही कि इस बार परीक्षा के दौरान कहीं से भी गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं मिली, जो परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था की सफलता को दर्शाता है। पिछले वर्ष गड़बड़ी की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए इस बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए।
शिक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय की सक्रिय भागीदारी के साथ, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल की कड़ी तैनाती की गई थी। केंद्र के भीतर और बाहर किसी भी बाहरी व्यक्ति को फटकने तक नहीं दिया गया।

रुड़की सहित सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। छात्रों ने परीक्षा केंद्रों के बाहर निर्धारित समय से पहले पहुँचकर लाइन में लगकर अनुशासन का परिचय दिया।
NEET UG 2025 की इस शांतिपूर्ण और पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया ने छात्रों और अभिभावकों दोनों का भरोसा एक बार फिर मजबूत किया है। परिणाम की घोषणा को लेकर अब छात्रों को बेसब्री से इंतजार है।


