नवरात्रि महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, विधायक और मेयर ने लिया मां का आशीर्वाद
रुड़की: नवरात्रों के पावन पर्व पर शहर के प्रसिद्ध श्रीमद् जगत जननी जगदंबे दुर्गा मंदिर, दुर्गा चौक में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। विशेष रूप से संध्या आरती के दौरान श्रद्धालुओं की अपार भीड़ माता रानी के जयकारे लगाते हुए दर्शन के लिए उमड़ पड़ती है।
आज की संध्या आरती में विधायक प्रदीप बत्रा भी पहुंचे और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मेयर अनीता अग्रवाल भी अपने पति के साथ माता के दरबार में उपस्थित हुईं और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्री मां दुर्गा मंदिर समिति अध्यक्ष अशोक वर्मा ने विधायक और मेयर का स्वागत किया और समस्त श्रद्धालुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस धार्मिक आयोजन में कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, सचिव सत्येंद्र पाल, सोनी रोड़, सुमित आचार्य, रोहित शास्त्री सहित समिति के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से सेवा में लगे रहे। बुआ की सेवा में समिति के समर्पित सदस्यों ने विशेष भूमिका निभाई।

मंदिर प्रांगण में भक्तों की श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिल रहा है। नवरात्रि के इन पावन दिनों में हर शाम भजन-कीर्तन और विशेष पूजा-अर्चना के आयोजन हो रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।


