रुड़की। दीपावली के अवसर पर गॉडविन लाइव की “जन जागरण” मुहिम के तहत भाजपा युवा नेता एवं जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह से टीम ने टेलीफोनिक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने वोकल फॉर लोकल अभियान को पुनः जीवंत करने की अपील करते हुए कहा कि “त्योहार तभी सार्थक होते हैं जब उनमें अपनेपन की भावना हो, जब हम अपने लोगों, अपने स्थानीय व्यापारियों और समाज के बीच के रिश्तों को मजबूत करें।”
उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और सौहार्द का प्रतीक पर्व है। इस त्यौहार की सच्ची खुशी तभी है जब हम अपने मोहल्ले की मिठाई की दुकान, कपड़ों की दुकान, इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी और पड़ोस के दुकानदार से खरीदारी करें। “आत्मनिर्भर भारत की राह लोकल व्यापारियों से होकर ही गुजरती है,” उन्होंने कहा।
अक्षय प्रताप सिंह ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया आज के समय में जनसंवाद का सबसे प्रभावशाली माध्यम है और इसे भी लोकल ब्रांड्स व व्यापारियों को बढ़ावा देने का दायित्व निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापार मजबूत होगा तो शहर की अर्थव्यवस्था, समाज और राजनीति—तीनों को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने सभी नागरिकों, व्यापारियों और नगरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा,
“यह पर्व आपके जीवन और व्यापार में नई रोशनी लेकर आए। दीपावली केवल एक दिन का त्योहार नहीं, बल्कि हर दिन आपके जीवन में उजियारा लाने का संकल्प बने।”


