रुड़की। वीर बाल दिवस के अवसर पर रुड़की में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के चारों साहिबज़ादों की अद्वितीय वीरता, अटूट आस्था और अमर बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। कार्यक्रमों में साहिबज़ादों के शौर्य, त्याग और धर्मरक्षा के प्रसंगों के साथ-साथ पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से जुड़े प्रेरणादायी किस्सों को भी साझा किया गया।

शहर के विधायक प्रदीप बत्रा के कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इस अवसर पर साहिबज़ादों की वीरता पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि कम उम्र में भी उन्होंने अत्याचार के सामने झुकने से इनकार कर धर्म और मानवता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन के प्रसंग सुनाते हुए उनके राष्ट्रवाद, लोकतांत्रिक मूल्यों और सादगीपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में विधायक प्रदीप बत्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, युवा जिला अध्यक्ष विभोर शेट्टी, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष आदित्य चौधरी रोड, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, गौरव कौशिक, धीर सिंह रोड, नवीन गुलाटी, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष नीटू मंडावर, महिला मोर्चा अध्यक्ष शाहिद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


इसी क्रम में श्री गांधी महिला शिल्प इंटर कॉलेज में भी वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के चारों साहिबज़ादों की अद्वितीय वीरता, अटूट आस्था और अमर बलिदान को कोटि-कोटि नमन किया गया। वक्ताओं ने साहिबज़ादों के बलिदान को राष्ट्र और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, कार्यक्रम संयोजक संजय अरोड़ा, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष आदित्य रोड, जिला उपाध्यक्ष प्रिया प्रवेश, रोमा सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दोनों कार्यक्रमों में वक्ताओं ने कहा कि साहिबज़ादों की वीरता और अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्श जीवन से नई पीढ़ी को देशभक्ति, साहस और नैतिक मूल्यों की प्रेरणा मिलती है। वीर बाल दिवस ऐसे महान बलिदानों को स्मरण कर उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश देता है।


