रुड़की। उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के तत्वावधान में रुड़की स्थित सोलानी रग्बी ग्राउंड में पाँचवीं राज्य स्तरीय रग्बी चैंपियनशिप का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के सात जिलों से बालक एवं बालिका वर्ग की कुल 14 टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और रोमांचक मुकाबलों के माध्यम से अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक और चारित्रिक विकास का सशक्त माध्यम हैं तथा ऐसे आयोजनों से प्रदेश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलती है।

चैंपियनशिप के परिणाम इस प्रकार रहे—
बालक वर्ग:
प्रथम स्थान – हरिद्वार
द्वितीय स्थान – देहरादून
तृतीय स्थान – रुद्रप्रयाग
बालिका वर्ग:
प्रथम स्थान – देहरादून
द्वितीय स्थान – ऊधम सिंह नगर
तृतीय स्थान – टिहरी गढ़वाल

उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं कोच आयुष सैनी ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो जनवरी 2026 में उड़ीसा के भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय रग्बी चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि रग्बी खेल प्रदेश के सभी जिलों में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जो युवाओं में बढ़ती खेल चेतना का प्रमाण है।
कार्यक्रम में आज़ाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तेज प्रताप सैनी, रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल, धीर सिंह, उत्तराखंड शूटिंग बॉल एसोसिएशन के सचिव सूरज रोड़, कोच फिलिप, तथा उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी, सचिव यशवंत सिंह, आकाश सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि, खेल प्रेमी एवं पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन से प्रदेश में रग्बी को नई पहचान मिलने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड की मजबूत भागीदारी की उम्मीद भी बढ़ी है।

