रुड़की। बीएसएम पीजी कॉलेज, रुड़की में शनिवार को 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन कमान अधिकारी कर्नल अमन कुमार सिंह के दिशानिर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सामूहिक वंदे मातरम गीत के साथ हुई, जिसने पूरे परिसर को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया। इसके बाद “मेरी माटी मेरा देश” विषय के अंतर्गत सभी एनसीसी कैडेट्स ने प्रधानमंत्री पंच प्रण शपथ लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. डॉ. सुरजीत सिंह ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत हमारे पूर्वजों के सपनों का साकार रूप है। उन्होंने कहा कि “हम स्वतंत्र भारत के नागरिक हैं, हमें आत्मगौरव और राष्ट्रोन्नति की दिशा में कार्य करना चाहिए। एनसीसी कैडेट्स के रूप में आपका सच्चा धर्म राष्ट्र का उत्थान है।”
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. गौतम वीर ने कहा कि “मेरी माटी मेरा देश” अभियान हमें अपनी मिट्टी, अपने शहीदों और संस्कारों से जोड़ता है। उन्होंने सभी कैडेट्स से अपील की कि वे कम से कम पांच पौधे लगाकर धरती का आभार व्यक्त करें।
कार्यक्रम में बटालियन के प्रशिक्षण प्रभारी रवि कपूर की विशेष भूमिका रही। समापन पर सभी कैडेट्स ने राष्ट्रगान गाकर कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर सुनीता कुमारी, प्रोफेसर रीमा सिन्हा, प्रोफेसर राजेश पालीवाल, प्रोफेसर संदीप पोसवाल, तथा एनसीसी कैडेट्स एसयूओ श्रुति अंथवाल, प्रभाकर बडोला, रुचि तोमर, लक्ष्य चौधरी, आर्यन, ऋतु रावत आदि उपस्थित रहे।


