रुड़की/कलियर। कलियर विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुनीश सैनी ने दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री से भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपने क्षेत्र की गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों की जानकारी भी दी।
श्री सैनी, जो श्री ओम विश्वविद्यालय के अध्यक्ष भी हैं, ने इस बार दीपावली अपने क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं के बीच मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि त्योहार लोगों को जोड़ने और समाज में सद्भाव बढ़ाने का माध्यम है।
दीपावली के अवसर पर उन्होंने लोगों से प्रदूषण कम करने, बच्चों की सुरक्षा और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग की अपील की। सैनी ने कहा — “पटाखे फोड़िए, मिठाई खाइए, लेकिन पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे इसका ध्यान रखें। अपने बच्चों के साथ समय बिताइए और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव करें।”
उन्होंने जनता से अनुरोध किया कि त्योहार को भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना से मनाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए लोकल उत्पादों की खरीदारी को प्राथमिकता दें।
सैनी के इस संदेश को क्षेत्र में लोगों ने सराहा और कई सामाजिक संगठनों ने इसे “सकारात्मक और जनजागरूकता बढ़ाने वाला कदम” बताया।


