यूपी में आतंकी नेटवर्क का खुलासा: लखनऊ को बनाना चाहते थे नया ठिकाना, दिल्ली विस्फोट के बाद एटीएस का ताबड़तोड़ ऐक्शन
लखनऊ। दिल्ली में सोमवार शाम लाल किले के पास हुए कार विस्फोट के बाद देशभर की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। उत्तर प्रदेश एटीएस ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ में कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई उस आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ की जा रही है, जो यूपी को अपना नया अड्डा बनाने की कोशिश में था।

सूत्रों के मुताबिक, गुजरात एटीएस के हत्थे चढ़े तीन आतंकियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि पाकिस्तान में बैठे उनके आकाओं ने शामली और लखीमपुर खीरी के दो युवकों को अपने जाल में फंसा लिया था। पकड़े गए आतंकी सुहेल और आजाद सैफी कई बार लखनऊ की रेकी कर चुके थे और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपने नेटवर्क से जोड़ रहे थे।
डॉ. शाहीन शाहिद के ठिकानों पर छापेमारी
एटीएस ने मंगलवार को लखनऊ की महिला चिकित्सक डॉ. शाहीन शाहिद के 12 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि शाहीन फरीदाबाद में पकड़े गए आतंकी डॉक्टर मुजम्मिल की गर्लफ्रेंड है। जांच एजेंसियों के अनुसार, शाहीन का संपर्क पाकिस्तान बेस्ड आतंकी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसार गजवत-उल-हिंद (AGuH) से रहा है।
आईजी कानून एवं व्यवस्था एल.आर. कुमार ने बताया कि शाहीन शाहिद के नेटवर्क की कड़ियां जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और दिल्ली तक फैली हैं। पुलिस ने अब तक इस मॉड्यूल से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से करीब 2900 किलो आरडीएक्स बरामद किया गया है।
अदील और अस्पताल कनेक्शन की जांच
सहारनपुर में तैनात डॉ. अदील की गिरफ्तारी के बाद भी एजेंसियों की जांच तेज है। जिस अस्पताल में वह कार्यरत था, वहां खुफिया एजेंसियों ने सोमवार को घंटों पूछताछ की। बताया जा रहा है कि डॉ. अदील और डॉ. शाहीन एक-दूसरे के संपर्क में थे।
यूपी के युवाओं को बना रहे थे निशाना
खुफिया एजेंसियों के अनुसार, आतंकी संगठन पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश के पढ़े-लिखे युवाओं को ब्रेनवॉश कर अपने नेटवर्क से जोड़ रहे हैं। पाकिस्तान और बांग्लादेश के रास्ते देश में घुसपैठ करने वाले कई संदिग्धों की भी पहचान की जा चुकी है।
पुलिस का कहना है कि यह मॉड्यूल भारत में अस्थिरता फैलाने और आतंकी गतिविधियों को संचालित करने की साजिश रच रहा था। सुरक्षा एजेंसियों ने यूपी सहित कई राज्यों में छापेमारी तेज कर दी है।
📰 (रिपोर्ट: गॉडविन लाइव )


