कमरा खाली कराना पड़ा भारी: मकान मालिक को डराने आए युवकों ने की फायरिंग, एक आरोपी गिरफ्तार
रुड़की, 6 अप्रैल 2025 — कोतवाली रुड़की क्षेत्र में एक मकान मालिक द्वारा किराएदार महिला को कमरा खाली कराना महंगा पड़ गया। नाराज युवक ने अपने साथियों के साथ मकान मालिक के घर पर पथराव और फायरिंग कर दी। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रुड़की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 1 अप्रैल की रात की है, जब दो मोटरसाइकिलों पर सवार 6 युवकों ने निवास नगर स्थित वादी गुलाब गुप्ता के घर पर ईंट-पत्थरों से हमला किया और हवाई फायरिंग की। इस संबंध में कोतवाली रुड़की पर अपराध संख्या 122/25 अंतर्गत धारा 125, 191(2), 191(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से दबिश दी और चंडहेड़ी नागल थाना देवबंद जिला सहारनपुर निवासी कार्तिक पुत्र कुलबीर सिंह (उम्र 20 वर्ष) को एक तमंचा और एक खोखा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि गुलाब गुप्ता के मकान में कार्तिक की महिला मित्र किराए पर रहती थी, जिसे हाल ही में मकान मालिक ने कमरा खाली करा दिया था। इसी बात से नाराज होकर कार्तिक ने अपने साथियों संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी
कार्तिक पुत्र कुलबीर सिंह
निवासी: चंडहेड़ी नागल, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (उ.प्र.)
उम्र: 20 वर्ष
बरामदगी
एक तमंचा (12 बोर)
एक खोखा कारतूस
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक ध्वजवीर पंवार
अपर उपनिरीक्षक बालम सिंह राठौड़
कांस्टेबल 389 नीरज
कांस्टेबल 1331 अनिल
कांस्टेबल 190 गंभीर सिंह
हरिद्वार पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी है। जल्द ही बाकी हमलावरों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।


