रुड़की। 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में फोनिक्स विश्वविद्यालय में आयोजित प्री थल सेना शिविर प्रथम के सातवें दिन बुधवार को कैडेट्स को साइबर क्राइम से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हरिद्वार शेखर चंद्र सुयाल ने अपनी टीम के साथ कैडेट्स को संबोधित किया।
अतिथि का स्वागत संस्था के डायरेक्टर जनरल संजय जैन ने तुलसी का पौधा भेंट कर किया। इस दौरान एसपी देहात ने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। छात्र वर्ग, जो ऑनलाइन पढ़ाई, सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म का अधिक इस्तेमाल करता है, साइबर ठगों का आसान निशाना बन रहा है।
उन्होंने कैडेट्स व अभिभावकों से अपील की कि वे बैंक खाता, आधार नंबर जैसी निजी जानकारी किसी से साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर अपनी निजी तस्वीरें व लोकेशन पब्लिक न करें। केवल भरोसेमंद ऐप्स का ही उपयोग करें और किसी भी साइबर अपराध की आशंका होने पर www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें। साथ ही पब्लिक वाई-फाई पर बैंकिंग या महत्वपूर्ण लॉगिन कार्य न करने की सलाह दी।
कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव ही सबसे बड़ा सुरक्षा उपाय है और पुलिस विभाग का उद्देश्य है कि कैडेट्स सुरक्षित डिजिटल वातावरण में पढ़ाई व विकास कर सकें।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक संजय पूनिया, उपनिरीक्षक उमेश लोधी, चौकी प्रभारी इमलीखेड़ा हेड कांस्टेबल औसाफ खान (साइबर सैल रुड़की), डिप्टी कैंप कमांडेंट आलोक कंडवाल, सेकंड ऑफिसर पारस कुमार, आलोक भूषण, अनुज कुमार, शाहिना प्रवीन, उपासना, सूबेदार मेजर अमर सिंह, सूबेदार पंकज पाल, बीएचएम केशवानंद, हवलदार राजेन्द्र सिंह, संदीप कुमार, कैडेट प्रभाकर बडोला, विधि चौधरी, स्वर्णिमा वर्मा, आरवी अरोरा, ओजस्वी गोयल व 250 कैडेट्स और स्टाफ मौजूद रहे।

