रुड़की। सोनी रोड़। ज्योति विशेष स्कूल ऋषिकेश के तत्वावधान में श्री भारत मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय अंतराज्यीय स्पोर्ट्स मीट में अनुश्रुति एकेडमी फॉर द डेफ, आईआईटी रुड़की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में कुल 13 स्कूलों ने भाग लिया।
अनुश्रुति एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में लगभग 15 स्वर्ण सहित कुल 45 पदक जीतकर सर्वश्रेष्ठ स्कूल की ट्रॉफी हासिल की। वहीं डांस प्रतियोगिता में भी विद्यालय ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपना परचम लहराया।
समापन अवसर पर उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि विशेष बच्चे समाज से दया नहीं, बल्कि सहयोग की अपेक्षा रखते हैं। इस अवसर पर आईआईटी के स्पोर्ट्स कोच लक्ष्मण यादव एवं राजेश ने बताया कि आईआईटी परिसर स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में कठिन अभ्यास से बच्चों ने खेल की बारीकियां सीखकर यह उपलब्धि हासिल की।
मैनेजमेंट कमेटी, प्रधानाचार्य व हेमंत शर्मा के प्रयासों से विद्यालय ने अंतराज्यीय प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक मेडल जीतने का गौरव पाया। वहीं प्रो. टशी नौटियाल और प्रधानाचार्या विभूति सैनी ने विजेताओं को पुरस्कृत कर अध्यापिकाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


