मेरठ/देहरादून।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। यह हादसा दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में हुआ, जब उनकी कार अचानक सामने आए वाहन को बचाने के प्रयास में डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे के समय कार में हरीश रावत के साथ उनके सहयोगी भी मौजूद थे। गनीमत यह रही कि सभी सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।
घटना के बाद हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर अपने शुभचिंतकों को आश्वस्त करते हुए लिखा —
“मैं बिल्कुल ठीक हूं, चिंता की कोई बात नहीं। नुकसान जरूर हुआ है, लेकिन ईश्वर की कृपा से सभी सुरक्षित हैं।”
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त उनका काफिला देहरादून की ओर जा रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


