रुड़की। सोनी रोड़।
रोटरी क्लब रुड़की के तत्वावधान में हरिद्वार यूनिवर्सिटी परिसर में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

शिविर का शुभारंभ विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सी.ए. सत्येन्द्र कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष नमन बंसल, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कविन्द्र चौधरी, मयंक गुप्ता, अरविंद कुमार, प्रो-वीसी डॉ. आदेश आर्या, ले. सुमित चौहान और रोटरी क्लब अध्यक्ष रवि प्रकाश द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
चिकित्सा विशेषज्ञों की देखरेख में आयोजित इस शिविर में 113 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो पूरी तरह स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता की प्रक्रिया के बाद लिया गया।
रोटरी क्लब अध्यक्ष रवि प्रकाश ने कहा कि “रक्तदान एक ऐसा महादान है, जो किसी अनजान व्यक्ति को जीवन दे सकता है। युवाओं की भागीदारी समाज में मानवता की भावना को मजबूत करती है।”
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देते हैं।
हरिद्वार यूनिवर्सिटी और रोटरी क्लब का यह संयुक्त प्रयास न केवल समाज के प्रति जिम्मेदारी का उदाहरण बना, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा भी साबित हुआ।


