रुड़की। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। शनिवार शाम को मेरठ में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए एक परिवार के घर को चोरों ने निशाना बना लिया। परिवार जब रविवार सुबह लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख दंग रह गया।
घटना जेल रोड के पीछे रहने वाले प्रशांत के घर की है। परिवार शनिवार शाम मेरठ शादी समारोह में शामिल होने गया था। रविवार सुबह जब वे लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला टूटा था और उसमें रखी लगभग ₹70,000 की नकदी व करीब 15 तोले सोना गायब था।
सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसआई दीप सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति हेलमेट लगाकर गली में आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जल्द ही खुलासा करने का दावा किया गया है।
शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है।

