रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की नगर निगम परिसर में कल भारतीय किसान यूनियन (रोड़) की विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस महापंचायत में उत्तराखंड के उधम सिंह नगर, देहरादून, हरिद्वार समेत कई जिलों से किसान भारी संख्या में पहुंचेंगे।
महापंचायत को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है, वहीं ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष तैयारी की जा रही है।
महापंचायत से पहले भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगभग 150 गांवों का दौरा कर चुके हैं। संगठन की 10 टीमें अलग-अलग गाड़ियों से क्षेत्र का भ्रमण कर किसानों को महापंचायत में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
इन टीमों में नाजिम त्यागी, प्रदीप त्यागी, संजीव कुशवाहा, अनिल पुंडीर, इंदर सिंह, छोटा, संदीप, प्रधान शहजाद, पवन रोड, सतवीर और लकी सिंह सहित 60 से 70 कार्यकर्ता लगातार संपर्क अभियान में जुटे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने किसानों से अपील करते हुए कहा, “आज किसान की हालत बहुत खराब है। गन्ने के पेमेंट मिल नहीं रहा है, लेकिन सरकार सुनने को तैयार नहीं। किसानों की दुर्दशा अब देखी नहीं जा रही है। अगर सरकार ने अब भी ध्यान नहीं दिया, तो यह आंदोलन बड़ा रूप लेगा।”
उन्होंने कहा कि किसान आज भी खाद, पानी और भुगतान के लिए तरस रहा है। इकबालपुर शुगर मिल किसानों का बकाया दबाए बैठी है, जबकि सरकार और अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। स्मार्ट मीटर और बिजली के छापों ने किसानों का जीवन और कठिन बना दिया है।
“हम चाहते हैं कि किसान के घर में भी दीपावली की रोशनी जले, उसके बच्चों को भी अच्छी शिक्षा मिले, लेकिन सरकार किसानों का खून चूसने का काम कर रही है,” : पदम सिंह रोड ने कहा।
महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने नगर निगम और आसपास के मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन की तैयारी कर ली है। कई स्कूलों के समय में भी अस्थायी परिवर्तन किए गये हैं, ताकि बच्चों और अभिभावकों को असुविधा न हो।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे कल अनावश्यक रूप से नगर निगम के आसपास के इलाकों में न जाएं। पुलिस बल की तैनाती की जा चुकी है और सभी थानों को सतर्क कर दिया गया है।
कल की यह महापंचायत प्रदेश के किसानों की एकजुटता और उनके हक की लड़ाई का बड़ा प्रतीक मानी जा रही है।
रिपोर्ट : सोनी रोरड़, गॉडविन लाइव / रुड़की


