रुड़की। सोनी रोड़। बुधवार 15 अक्टूबर को रामपुर क्षेत्र में उत्तराखंड रोडवेज बस और मोटरसाइकिल के बीच हुए भीषण हादसे में दो किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि तीनों मोटरसाइकिल सवार मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK 07 PA 4471 और मोटरसाइकिल संख्या UK 17 C 6295 के बीच टक्कर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत रुड़की सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दो लड़कों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान अमृत (17) पुत्र टिंकू निवासी नन्हेड़ा अनंतपुर, थाना भगवानपुर, हरिद्वार, और तेलूराम उर्फ सूरज (16) पुत्र गुलाब सिंह निवासी सालियर सालापुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार के रूप में हुई है। तीसरा युवक सोनी (17) पुत्र सुनील निवासी नन्हेड़ा अनंतपुर, थाना भगवानपुर गंभीर रूप से घायल बताया गया है।
पुलिस ने बस और मोटरसाइकिल दोनों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


