रुड़की। भारत रक्षा मंच की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि चौधरी ने कहा कि आज देश सशक्त नेतृत्व के कारण स्वावलंबन और प्रगति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वे प्रेम नगर स्थित प्राचीन शिव पार्वती मंदिर प्रांगण में आयोजित भारत रक्षा मंच की बैठक को संबोधित कर रही थीं।
रश्मि चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को आज आत्मनिर्भर बनकर न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय नारी का इतिहास हजारों वर्षों पुराना है, जिसमें उन्होंने समय-समय पर क्रांतिकारी और प्रेरणादायी भूमिका निभाई है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के समान योगदान दे रही हैं, जो राष्ट्र की मजबूती का प्रतीक है।
प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी निर्णयों से देश और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब देवभूमि के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान कायम कर चुका है, जहां अपराध और भ्रष्टाचार में उल्लेखनीय कमी आई है।
इस अवसर पर मंच के जिला संयोजक ऋषिपाल सैनी, जिलाध्यक्ष गीता कार्की, सह जिलाध्यक्ष आशा धशमाना, भागीरथी गौनियाल, चेता देवी, अनीता शर्मा, सपना रानी, मंजू रावत, अनीता देवी, मंजू सैनी, सरिता जायसवाल, बिजेंद्र कुमार, सपना, शारदा सुमन, विनीता, मीनू और संतोष सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान महिलाओं ने समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।


