देहरादून, बुधवार।
राजधानी देहरादून में तिब्बती मार्केट के सामने बुधवार सुबह हुए सनसनीखेज हत्याकांड ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी अर्जुन शर्मा की अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार इंदिरा नगर, बसंत विहार निवासी अर्जुन शर्मा रोजाना की तरह परेड मैदान से टेनिस खेलकर लौट रहे थे। तिब्बती मार्केट के पास फल लेने के बाद जैसे ही वह अपनी कार की ओर बढ़े, तभी बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और सीने के बाईं ओर सटीक निशाना लगाकर गोली मार दी। 312 बोर के तमंचे से चलाई गई गोली सीधे हृदय में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बुद्ध चौक की दिशा में फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल अर्जुन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शहर के निकासी मार्गों पर नाकेबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
बलिदानी पिता के नाम पर मिली एजेंसी, परिवार में बना विवाद का कारण
अर्जुन शर्मा के पिता कर्नल रमेश चंद्र शर्मा लगभग 38 वर्ष पूर्व सेवा के दौरान शहीद हुए थे। परिवार की आजीविका के लिए उनकी पत्नी बीना शर्मा को गैस एजेंसी आवंटित की गई थी, जो पैतृक संपत्ति पर संचालित हो रही है।
सूत्रों के अनुसार इसी संपत्ति और वित्तीय लेनदेन को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। बैंक ऑफ बड़ौदा से करीब चार करोड़ रुपये का लोन लिया गया था, जिसमें अर्जुन शर्मा गवाह और गारंटर थे। मृतक की पत्नी अभिलाषा ने अपनी सास समेत चार लोगों पर संदेह जताया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रॉपर्टी कारोबारी विनोद उनियाल और उनकी पत्नी संगीता उनियाल के साथ परिवार के आर्थिक संबंधों को लेकर भी मनमुटाव चल रहा था। वर्ष 2024 में बीना शर्मा ने अपने बेटे के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था, जबकि 2025 में अर्जुन ने अपनी मां और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कराया था।
पेशेवर अंदाज में वारदात
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिस तरह से भीड़भाड़ वाले इलाके में सटीक निशाना लगाकर गोली चलाई गई, उससे शूटरों के पेशेवर होने की आशंका जताई जा रही है।
आईजी गढ़वाल रेंज ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।
मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बेटे के रिश्तों में आई खटास अब हत्या जैसे जघन्य अपराध के रूप में सामने आने से समाज में भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं—पारिवारिक विवाद, आर्थिक लेनदेन और पेशेवर शूटरों की संलिप्तता—की गहन जांच कर रही है। शहर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
देहरादून में दिनदहाड़े गैस एजेंसी संचालक की हत्या, पारिवारिक विवाद और करोड़ों की संपत्ति पर उठे सवाल
Leave a Comment Leave a Comment

