देव रोड क्रिकेट कप टूर्नामेंट अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। फाइनल में जगह बनाने के लिए दूसरा सेमीफाइनल 7 तारीख को दोपहर 2:00 बजे खेला जाएगा, जिसमें बेलड़ा और भौरी की टीमें आमने-सामने होंगी।

इससे पहले पहला सेमीफाइनल आज सुबह VG क्रिकेट ग्राउंड, बेलडा पर सोहलपुर और कलसी के बीच खेला गया। सोहलपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 144 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में कलसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल में प्रवेश किया।
टूर्नामेंट के अंतिम क्वार्टर फाइनल में इसी मैदान पर बेलड़ा और बेलड़ी के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। बेलड़ा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट के नुकसान पर 199 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेलड़ी की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 156 रन ही बना सकी और प्रतियोगिता से बाहर हो गई।
बेलड़ी को इस मुकाबले में अपने स्टार खिलाड़ी तुषार की कमी खलती नजर आई। शुरुआती दो मैचों में तुषार की घातक बल्लेबाजी ने टीम को आसान जीत दिलाई थी, लेकिन आज उनके न खेलने का खामियाजा बेलड़ी को टूर्नामेंट से बाहर होकर चुकाना पड़ा।
बेलड़ा की ओर से आशीष चौधरी ने जबरदस्त पारी खेलते हुए नाबाद 92 रन बनाए। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। आशीष की पारी टूर्नामेंट की यादगार पारियों में शामिल हो गई है और बेलड़ा की फाइनल की उम्मीदों को मजबूती मिली है।


